रणनीति

हमारा उद्देश्य हरियाणा को देश का शीर्ष विकसित राज्य बनाना है ताकि हरियाणा देश के अन्य राज्यों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सके | हम हरियाणा में समाज के सभी वर्गों को विकास के लिए पर्याप्त अवसर देना चाहते हैं | हम बराबर के अधिकार और न्याय के आदर्श वाक्य को राज्य की प्रशासनिक कार्यशैली में लागू कराना चाहते हैं |

हमारा लक्ष्य

जनता के लिए... जनता की सरकार:  हमारे पास हरियाणा के विकास के लिए एक बेहतर और ठोस परिकल्पना है जिसे हम जनता के सामने रखेंगे| हम  राजनीति के लिए एक नया दृष्टिकोण रखते हैं| हमारा मानना है कि राजनीतिज्ञ की भूमिका समाज और जनता के लिए एक प्रहरी के साथ-साथ एक प्रेरक की होती है जो जनता को प्रेरित कर प्रगति और उन्नति के पथ पर आगे ले जा सके |

कार्यसूची

हरियाणा कई महान हस्तियों का घर है | प्रसिद्ध भारतीय अंतरिक्ष यात्री स्व. कल्पना चावला, सायना नेहवाल, विजेंदर सिंह, पंकज आडवाणी, सुशील कुमार और जूही चावला जैसे कई युवा प्रतीक हरियाणा से संबंध रखते हैं | हमारा संकल्प हरियाणा में लोगों के जीवन को उच्च गुणवत्ता प्रदान करना है | हमारा उद्देश्य कृषि को ध्यान में रखते हुए जनोन्मुख नीतियों का निर्माण करना है | जिससे प्रदेश के किसानों का विकास हो सके | हमारा मानना है की सामाजिक क्षेत्र के विकास पर विशेष बल दिए जाने की जरुरत है | हमारा उद्देश्य राज्य में अच्छी शिक्षा प्रदान करना है | जिससे युवा पीढ़ी में आत्मबल और साहस का संचार हो सके | आज कई तरह की सामाजिक बुराईयों ने हमारे राज्य को बुरी तरह से घेर रखा है और वर्तमान समय में हमें इस बात की आवश्यकता है की हम इनके उन्मूलन के लिए एकजुट होकर साथ काम करें | यह तभी संभव है जब हम शिक्षा का तेजी से प्रचार-प्रसार करें और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जन-जागरण अभियान चलायें |

 

शिक्षा सबके लिए:-

 

  • हमारा उद्देश्य गरीब, पिछड़े और वंचित वर्ग के छात्रों को विशेष तौर पर उच्च स्तरीय शिक्षा मुहैया कराना है |
  • लड़कियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के लिए हम वचनबद्ध हैं |
  • शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और राज्य के हर नागरिक को शिक्षा का लाभ देना हमारा उद्देश्य है |

 

उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता:-

 

  • हम समाज के सभी वर्गों के बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा सुविधाओं को उपलब्ध कराने के लिए वचनबद्ध हैं और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगे |
  • हमारा प्रयास होगा की बुनियादी चिकित्सा सहायता हर गांव में उपलब्ध हो |
  • कुपोषण का पूर्णतः उन्मूलन हो |
  • पीने के साफ पानी की उपलब्धता और सभी की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा किया जाए |
  • प्रदेश की जनता के स्वास्थ्य की रक्षा पर विशेष बल देंगे |
  • स्वास्थ्य नीतियों और कार्यक्रमों को मजबूत बनाएंगे |
  • पानी, सफाई और भोजन की गुणवत्ता के लिए सुरक्षा मानकों का निर्धारण करेंगे |

 

महिला सशक्तिकरण :-

 

  • हम महिलाओं की सुरक्षा लिए प्रतिबद्ध हैं |
  • हम महिलाओं की साक्षरता के लिए विशेष कार्यक्रम चलाने के पक्षधर हैं |
  • महिलाओं के खिलाफ किसी भी तरह के अपराध के प्रति पूर्णतः संवेदनशीलता बरती जाएगी |
  • हरियाणा में देश का सबसे खराब लिंगानुपात है जो पुरुष प्रधान हरियाणा के लिए बड़ी चिंता का विषय है |
  • हम महिलाओं के सम्मान और गरिमामय जीवन के लिए वचनबद्ध हैं |
  • हम महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्पेशल सिटिज़न चार्टर पारित करेंगे |

 

हर लड़की के लिए अनिवार्य शिक्षा:-

 

  • हम बालिकाओं की शिक्षा के लिए विशेष योजनाओं को शुरू करेंगे और विशेष पैकेज की भी घोषणा करेंगे |
  • हम ऐसी व्यवस्था लागू करेंगे की किसी भी माता-पिता को अपनी लड़की को स्कूल भेजने में कठिनाई नहीं होगी |
  • हमारी पार्टी महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाने के लिए नौकरियों में 33% कोटे का प्रावधान करेगी |
  • महिलाओं के प्रति गंभीर अपराध जैसे - दहेज उत्पीड़न, बलात्कार, हत्या  जैसे जघन्य मामलों के अपराधियों को दंडित करने के लिए मजबूत कानून बनाएंगे |
  • हम  महिलाओं के बीच साक्षरता, प्रतिभा, कौशल, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और उद्यमशीलता को प्रोत्साहन देंगे |
  • महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हम कम ब्याज दर पर बैंक ऋण का भी प्रावधान करेंगे |
  • महिलाओं के लिए शिक्षा ऋण योजना को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा |

 

किसानों के लिए राहत:-

 

  • हरियाणा में कृषि क्षेत्र को और किसानों को विशेष आर्थिक सहायता देंगे |
  • किसानों को लाभ के रूप में चावल और गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का निर्धारण कुल लागत के 50 प्रतिशत के अनुसार तय होगा |
  • किसानों के लिए विशेष पेंशन योजना लाएंगे |
  • रेलवे की तर्ज पर राज्य में कृषि के लिए अलग बजट का निर्धारण होगा |
  • कृषि क्षेत्र में सभी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य का निर्धारण, फसल ऋण और पूर्ण कर्ज मांफी की व्यवस्था की जाएगी |
  • किसानों की मदद के लिए राज्य भर में ग्रामीण बैंकों का फैलाव उनकी लघु, मध्यम और वृहद अवधि की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए होगा |

 

खेल सुविधाओं के उत्थान:-

 

  • हमारा लक्ष्य हरियाणा को खेल के मामले में देश का प्रथम राज्य बनाना है |
  • असाधारण प्रतिभाओं के विशेष प्रशिक्षण के लिए खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी |
  • प्रदेश के सभी स्कूलों में उच्च गुणवत्ता पूर्ण खेल सुविधाओं को सुनिश्चित करेंगे |
  • खेल विशेषज्ञों की टीम स्कूल और कॉलेजों में खेल प्रतिभाओं की पहचान का काम करेगी |
  • प्रदेश में प्रतिभा खोज कार्यशालाओं का आयोजन किया जायेगा |
  • सभी तरह के खेलों के उत्थान के लिए राज्य में प्रायोजकों को लाने के लिए प्रयास किए जायेंगे |
  • स्कूलों और कॉलेजों में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए नकद पुरस्कार का विशेष प्रावधान किया जायेगा |

 

हरियाणा में औद्योगिक, व्यापारिक और अन्य कई आर्थिक निवेशों के लिए अपार संभावनाएं हैं :-

 

  • हम बुनियादी ढांचे के मूलभूत विकास के लिए वित्तीय संसाधनों की पर्याप्त राशि उपलब्ध करवाएंगे |
  • प्रदेश में उद्योगपति बिना किसी डर-भय, पक्षपात और भ्रष्टाचार के अपना व्यवसाय कानून के अंतर्गत स्वतंत्र रूप से चला सकें, इस दिशा में हम सार्थक प्रयास करेंगे|
  • व्यापारिक समुदायों की उचित मांगों को तत्काल प्रभाव से पूरे करने के विशेष प्रयास किए जाएंगे  |